द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड स्थापना दिवस की तारीख में बदलाव को लेकर आदिवासी संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। राज्य सरकार की ओर से इस वर्ष 15 नवंबर के बजाय 28 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस समारोह आयोजित करने के फैसले का विभिन्न आदिवासी संगठनों ने विरोध किया है। संगठनों ने इस फैसले को झारखंड के शहीदों और आंदोलनकारियों का अपमान बताया है। इसी विरोध में आदिवासी संगठनों ने 25 नवंबर को मशाल जुलूस निकालने का ऐलान किया है। संगठनों का कहना है कि झारखंड का स्थापना दिवस ऐतिहासिक रूप से 15 नवंबर को मनाया जाता है। यह तारीख भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य के गठन से जुड़ी हुई है। ऐसे में स्थापना दिवस समारोह की तारीख में बदलाव करना राज्य की ऐतिहासिक पहचान और झारखंड आंदोलन के बलिदानियों की भावनाओं के विपरीत है।

सरकार को फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग
आदिवासी संगठनों ने ऐलान किया है कि 25 नवंबर को वे मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार के फैसले का विरोध करेंगे। इस दौरान विभिन्न इलाकों में विरोध-प्रदर्शन भी किए जाने की तैयारी है। संगठनों ने सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि झारखंड की पहचान, इतिहास और शहीदों के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। अब देखना होगा कि 25 नवंबर को प्रस्तावित मशाल जुलूस के जरिए आदिवासी संगठनों का विरोध किस रूप में सामने आता है।