logo

दानापुर-सोनपुर रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रेल परिचालन प्रभावित, 50 से अधिक ट्रेनें रद्द; जानें पूरी समय-सारणी

दानापुर-सोनपुर रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रेल परिचालन प्रभावित, 50 से अधिक ट्रेनें रद्द; जानें पूरी समय-सारणी

द फॉलोअप डेस्क, जामताड़ा 

पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में जारी विकास और अवसंरचनात्मक सुधार कार्यों के तहत ट्रेनों का परिचालन व्यापक स्तर पर प्रभावित रहेगा। आसनसोल रेल मंडल (पूर्व रेलवे) द्वारा 18 सितंबर को जारी सूचना के अनुसार, राजेन्द्र पुल स्टेशन पर नए पुल को दोहरी लाइन से जोड़ने और दिनकर ग्राम सिमरिया व बरौनी के बीच मुख्य लाइन का कनेक्शन जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। यह प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 21 सितंबर से शुरू होगा और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम 4 अक्टूबर तक पूरा किया जाएगा। इस दौरान रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए रेलवे ने रद्द की गई, परिवर्तित मार्ग से चलने वाली तथा शॉर्ट-टर्मिनेट ट्रेनों का विस्तृत विवरण जारी किया है।

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनें 
विकास कार्यों के चलते कुल 53 ट्रेनों की सेवाओं को रद्द किया गया है। इनमें से प्रमुख ट्रेनों में हावड़ा-पटना-हावड़ा सुपरफास्ट स्पेशल (02023/02024) 27 सितंबर को रद्द रहेगी। हावड़ा-मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस (13029/13030) 20 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच विभिन्न तिथियों में रद्द रहेगी। सियालदह-बलिया एक्सप्रेस (13105/13106) 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। गंगासागर एक्सप्रेस (13185/13186) जयनगर/सियालदह 25 सितंबर से 4 अक्टूबर के दौरान रद्द रहेगी। आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस (13507/13508) 25 सितंबर, 2 और 3 अक्टूबर को रद्द रहेगी। कोलकाता-आरा गरीब रथ एक्सप्रेस (13127/13128) 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक विभिन्न तिथियों में रद्द रहेगी। इसके अलावा मिथिलांचल एक्सप्रेस, तिरहुत एक्सप्रेस, टाटानगर-थावे एक्सप्रेस, पुरी-पटना/जयनगर एक्सप्रेस, और कई साप्ताहिक विशेष ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।

ट्रेनों का परिवर्तित मार्ग 
यात्रियों की आवाजाही को पूरी तरह न रोकने के लिए रेलवे ने कई प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया है। हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस (12273) 25 सितंबर को किऊल-गया-ग्रैंड कॉर्ड लाइन से चलेगी। हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस (12303) व रामबाग विभूति एक्सप्रेस (13047) झाझा-किऊल-शेखपुरा-बिहार शरीफ-बख्तियारपुर मार्ग से चलेंगी। हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (13019/13020) व मिथिला एक्सप्रेस बर्द्धमान-रामपुरहाट-साहिबगंज-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी के रास्ते चलेंगी। इन ट्रेनों को रामपुरहाट, साहिबगंज और भागलपुर में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। उपासना एवं कुंभ एक्सप्रेस प्रधानखंता-गया-पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग से संचालित होंगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस (15047/15048 आदि) बर्द्धमान-मालदा टाउन-कटिहार-बरौनी मार्ग से चलाई जाएंगी।

ट्रेनों का आंशिक समापन और समय पुनर्निर्धारण 
शॉर्ट टर्मिनेशन में जसीडीह-मोकामा मेमू पैसेंजर (63571) 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मोकामा के बजाय किऊल स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, मोकामा-जसीडीह मेमू पैसेंजर (63572) किऊल से ही प्रारंभ होगी। री-शेड्यूल में 3 अक्टूबर को धनबाद-पटना इंटरसिटी (13331) अपने तय समय से 3 घंटे देरी से खुलेगी, जबकि टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस (18183) टाटानगर से 2 घंटे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के संशोधित समय और स्थिति की जांच भारतीय रेलवे के आधिकारिक हेल्पलाइन या NTES ऐप पर अवश्य कर लें।

Tags - Danapur-Sonpur Railway Section Non-Interlocking Work Indian RailwaysEast Central Railway