द फॉलोअप, जामताड़ा:
Railway News: दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) के रांची मंडल (Ranchi Railway Division) में विकास कार्यों के कारण 28 नवंबर को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। जोन्हा और किता स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर तीन घंटे का पीक्यूआरएस (PQRS Block) ब्लॉक लिए जाने के कारण दो प्रमुख मेमू ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (13503/13504) 28 नवंबर को बर्द्धमान से खुलने वाली ट्रेन संख्या 13503 अपनी यात्रा हटिया के बजाय बोकारो स्टील सिटी में ही समाप्त करेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 13504 हटिया के स्थान पर बोकारो स्टील सिटी से ही बर्द्धमान के लिए रवाना होगी। इस कारण शनिवार को बोकारो स्टील सिटी और हटिया के बीच इस ट्रेन का परिचालन दोनों दिशाओं में पूरी तरह रद्द (Train Cancelled) रहेगा।

ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जांच अवश्य कर लें
आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर (63598/63597) शनिवार को आसनसोल से खुलने वाली ट्रेन संख्या 63598 रांची न जाकर मुरी जंक्शन तक ही जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 63597 रांची के बजाय मुरी जंक्शन से ही आसनसोल के लिए खुलेगी। फलस्वरूप, मुरी जंक्शन और रांची के बीच दोनों दिशाओं में इस ट्रेन की सेवा बंद रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन बदलावों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। किसी भी असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले रेलवे (Indian Railways) के हेल्पलाइन नंबर या ऑनलाइन माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
.jpeg)