द फॉलोअप, जामताड़ा:
विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और अजगैबीनाथ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 30 जुलाई से मेला अवधि तक जसीडीह और सुल्तानगंज स्टेशनों पर कई ट्रेनों के ठहराव समय में बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही, कुछ साप्ताहिक ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है और भीड़ को देखते हुए प्रमुख मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे।

जसीडीह में बढ़ेगा ठहराव समय
30 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक जसीडीह स्टेशन पर जिन मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव 5 मिनट से कम है, उनका ठहराव बढ़ाकर अधिकतम 5 मिनट किया जाएगा। हालांकि राजधानी, वंदे भारत, दुरंतो, जनशताब्दी, पूर्वा, गरीब रथ, हमसफर और अमृत भारत जैसी 11 प्रीमियम ट्रेनों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।
सुल्तानगंज में 6 ट्रेनों को विशेष ठहराव
30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक सुल्तानगंज स्टेशन पर नियमित ठहराव वाली ट्रेनों का समय भी 5 मिनट किया जाएगा। इसके अलावा भागलपुर-अजमेर, मालदा टाउन-आनंद विहार, आनंद विहार-मालदा टाउन, अजमेर-भागलपुर, कामाख्या-गया और गया-कामाख्या एक्सप्रेस को 2 मिनट का अस्थायी विशेष ठहराव दिया गया है।

6 जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच
श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 6 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) कोच जोड़ने का फैसला किया है। इनमें मिथिला एक्सप्रेस, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, गंगासागर एक्सप्रेस, सियालदह-बलिया एक्सप्रेस, मालदा टाउन-पटना एक्सप्रेस और मालदा टाउन-किऊल एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे के इस निर्णय से देवघर और सुल्तानगंज आने-जाने वाले लाखों शिवभक्तों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी और मेला अवधि में भीड़ प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।