रामगढ़
रामगढ़ के चितरपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इसमें पति-पत्नी और बच्ची की मौत हो गयी है। सड़क हादसे में दंपती का छह साल का बेटा बाल-बाल बच गया है। मिली खबर के मुताबिक घाटो निवासी प्रवीण कुमार रविदास गोला से अपनी बाइक टीवीएस स्टार से पत्नी अनिता देवी (26), पुत्र अनुराग कुमार (6) और छह माह की पुत्री दिशा के साथ लइयो घाटो स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चितरपुर में च्वाइस गारमेंट्स के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अपाचे बाइक में सवार युवक ने प्रवीण की बाइक में टक्कर मार दी। इस टक्कर से पति-पत्नी और बेटी सड़क की दाहिने ओर जा गिरे। ठीक इसी समय सामने आ रहा ट्रेलर तीनों को रौंदते हुए निकल गया। इससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। दुर्घटना में 6 साल का अनुराग बाल-बाल बच गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक और अपाची बाइक पर सवार युवक फरार होने में सफल रहे। हादसे की खबर मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी हरिनंदन सिंह सदल बल घटनास्थल पहुंचे और तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। खबर लिखे जाने तक ट्रेलर और बाइक को जब्त कर पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
इसे भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन : कांग्रेस नेताओं ने कहा, पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के बाद हो सीट शेयरिंग पर फैसला
