logo

ईद और सरहुल पर शहर में ट्रैफिक अलर्ट, बड़े वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद; इन रास्तों पर नहीं चलेगी गाड़ियां

eid4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ईद और सरहुल पर्व को लेकर शनिवार को शहर में व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं, कई प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से जुलूस की समाप्ति तक निजी और यात्री वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, सरहुल शोभायात्रा कांके रोड, रातू रोड और बोड़ेया रोड होते हुए रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक और मेन रोड के रास्ते सुजाता चौक पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा मुंडा चौक होते हुए सिरमटोली स्थित सरना स्थल तक जाएगी।


नामकुम, खूंटी रोड, बिरसा चौक और डोरंडा क्षेत्र से आने वाली शोभायात्राएं ओवरब्रिज, सुजाता चौक और मुंडा चौक होते हुए सरना स्थल पहुंचेंगी। वहीं, अरगोड़ा और हरमू क्षेत्र की शोभायात्राएं कडरू, बिग बाजार, सुजाता चौक और मुंडा चौक के रास्ते आगे बढ़ेंगी। प्रशासन ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित किया है। इनमें एसएसपी आवास चौक से कचहरी चौक, जाकिर हुसैन पार्क से कमिश्नर चौक, अपर बाजार से शहीद चौक, चडरी तालाब से अलबर्ट एक्का चौक, पुरुलिया रोड से सुजाता चौक, चर्च रोड से मेन रोड समेत कई अन्य मार्ग शामिल हैं।


ईद को लेकर भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। हरमू बाइपास रोड पर किशोरगंज चौक से रातू रोड चौक के बीच दोनों ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान छोटे वाहन वैकल्पिक मार्गों से गुजर सकेंगे। आंबेडकर चौक से राजेंद्र चौक के बीच भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को युवराज होटल की ओर से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। मेन रोड में रतन पीपी से गुप्ता भंडार तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में अलबर्ट एक्का चौक से डोरंडा की ओर जाने वाले छोटे वाहन सर्जना चौक से होकर डंगराटोली, कांटाटोली, बहुबाजार और मुंडा चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।


पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। महात्मा गांधी मार्ग पर सैनिक मार्केट, काली मंदिर चौक टैक्सी स्टैंड और अलबर्ट एक्का चौक के पास वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वहीं हरमू बाइपास पर गोशाला के समीप पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।