द फॉलोअप, दिल्ली:
संसद के मॉनसून सत्र के पांचवें दिन भी लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। दोबारा बैठक शुरू होने पर भी गतिरोध खत्म नहीं हुआ जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

प्रधान के इस्तीफे की मांग पर हुआ हंगामा
सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान विपक्षी सांसद लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते रहे जिससे सदन का माहौल लगातार गरमाया रहा। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने देश की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान, अदम्य साहस और समर्पण को याद करते हुए पूरे सदन से उनका सम्मान करने की अपील की। लगातार जारी गतिरोध के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और महत्वपूर्ण विधायी कार्य भी प्रभावित रहे।