द फॉलोअप, रांची
झारखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

23 और 24 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम
23 जुलाई को राज्य के अधिकांश इलाकों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है। लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
24 जुलाई को भी मानसून के सक्रिय बने रहने का अनुमान है। रांची, देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाओं और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।