द फॉलोअप डेस्क
रांची के अनगड़ा में चोरों ने एक GRP जवान के घर ही हाथ साफ कर दिया। दरअसल सुषमा कुमारी और उनके पति प्रेम कुमार हेसल खीराटोली अनगड़ा के निवासी हैं। 
19 जुलाई की सुबह सुषमा को खबर मिली की उनकी सास का देहांत हो गया है। ऐसे में वे गांव के लिए निकल गईं। इस दौरान उन्होंने अपने एक परिचित को घर की चाभी दे रखी थी। आज सुबह परिचित ने सुषमा को फोन कर पूछा की क्या उन्होंने अपने घर की चाभी किसी को दी है, क्योंकि घर का मुख्य दरवाजा खुला है। 
सुषमा ने परिचित को घर के अंदर जाकर देखने को कहा जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को भी दे दी है। शिकायत के अंनुसार अज्ञात चोर ने अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहने, नगद पैसे, ज़मीन से संबंधित कागजात और शैक्षणिक प्रमाण-पत्र की चोरी कर ली है। चोरी हुए सामानों में लगभग 15 ग्राम के दो सोने के चेन, 20 ग्राम का नेकलेस, 12 ग्राम के ईयररिंग, 10 ग्राम के लॉकेट, 2 ग्राम की अंगूठी, 15 ग्राम की चूड़ी, 2 ग्राम की नोज पिन, 100 ग्राम के चांदी की पायल (4 जोड़ी), 20 चांदी के चेन, 10 चांदी की बिछिया और ₹50,000 नगद शामिल हैं।