द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बुधवार से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश की संभावना है। आने वाले 4 दिनों तक झारखंड के अलग-अलग इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 24 और 25 जुलाई को कोल्हान और संताल परगना क्षेत्र के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, जामताड़ा, दुमका और देवघर शामिल हैं। इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
वहीं, 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें रांची, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और खूंटी शामिल हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार मानसून के दौरान झारखंड में अब तक 644.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (414.9 मिमी) से करीब 55% ज्यादा है। वहीं, रांची में अब तक 864.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से दोगुनी (102%) ज्यादा है।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के पास बना साइक्लोनिक सिस्टम धीरे-धीरे झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से राज्य में फिर से अच्छी बारिश हो सकती है। राज्य में मौसम साफ रहने की वजह से तापमान भी सामान्य से थोड़ा ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। रांची में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री रहा, जबकि सरायकेला में सबसे ज्यादा 36.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 27 जुलाई तक राज्य के सभी हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले पांच दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
