द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के विधायकों के वेतन में जल्द ही बढ़ोत्तरी हो सकती है। सीएम हेमंत सोरेन ने इसका संकेत दिए है। दरअसल झारखंड विधानसभा में शुक्रवार को फिर भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने विधायकों के वेतन वृद्धि का मामला उठाया। कहा, 2016 के बाद से विधायकों के वेतन में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। इसलिए मुख्यमंत्री इस पर विचार करें। भानु की बात का समर्थन झामुमो विधायक समीर मोहंती और कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने भी किया। उन्होंने भी मुख्यमंत्री से वेतन वृद्धि को लेकर आग्रह किया। इसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि वह इस बारे में सकारात्मक रूप से विचार करने का वादा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों के वेतन वृद्धि सहित सभी परेशानियों पर विधानसभा अध्यक्ष के साथ मिल-बैठक कर सरकार निर्णय लेगी। उन्होंने पूर्व से चली आ रही विधायक कल्याण नियमावली पर चिंता जताई।

विधायकों को नहीं मिलती कई सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने ऐसे-ऐसे कारनामे किए हैं कि अगर हम बोल दें तो बहुत दिक्कत होगी। अफसर अगर इलाज करवाते हैं तो राशि रीइंबर्स हो जाती है लेकिन विधायकों को यह सुविधा नहीं मिलती। सीएम ने कहा कि पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह के इलाज में खर्च हुई राशि उनकी पेंशन से कट रही है। हमारी सरकार संवेदनशील है। जानमाल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक से लेकर पुलिस, यहां तक कि कैदियों का इलाज भी बेहतर ढंग से कराती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने कई लोगों को एयर एंबुलेंस से बाहर भेजकर इलाज करवाया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे-ऐसे काम किए हैं कि अपने ही पैर में कुल्हाड़ी मार लिया है। हम ऐसी सभी चीजों को देख रहे हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT