logo

न्याय न मिलने की पीड़ा में युवक ने की आत्महत्या, आक्रोशित परिजनों ने मुख्य मार्ग किया जाम

सुसाइड.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हजारीबाग से एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां न्याय न मिलने की पीड़ा ने एक और जान ले ली। परिजनों के आक्रोश के बाद शहर का मुख्य मार्ग जाम हो गया है। हजारीबाग छठ तालाब मुख्य मार्ग, जो शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओर जाता है, सोमवार को पूरी तरह ठप हो गया। सैकड़ों की संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

परिजनों का आरोप है कि 7 जुलाई 2023 को उनके छोटे बेटे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बावजूद अब तक 10 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों के मुताबिक, इसी न्याय न मिलने की पीड़ा और मानसिक अवसाद में आज सुबह मृतक के मंझले बेटे ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया और इलाके में आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हजारीबाग के झंडा चौक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा। सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों का आक्रोश फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand suicide news hazaribagh news hazaribagh khabar hazaribagh latest news suicide khabar suicide news