logo

भारी बारिश के बाद पुल का अस्थायी रास्ता धंसा, बह गई चलती कार; रेस्क्यू जारी

car3.jpg

द फॉलोअप डेस्क

देवघर-चितरा मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात भारी बारिश के बाद दक्षिणबहाल पुल के पास बना अस्थायी रास्ता धंस गया, जिससे एक वैगन आर कार पानी के तेज बहाव में बह गई। यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस कार में पाँच लोग सवार थे, हालांकि ग्रामीणों ने तुरंत मदद कर चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक व्यक्ति अभी भी लापता है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुँच चुकी है। देवघर से NDRF की टीम को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार देवघर–चितरा मुख्य मार्ग पर स्थित दक्षिणबहाल पुल पहले से ही क्षतिग्रस्त था। पुल की खराब स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने करीब एक सप्ताह पहले अस्थायी रास्ता बना लिया था। लेकिन इसी बीच मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे हुई भारी बारिश के बाद यह अस्थायी एप्रोच रोड धंस गया।
जामताड़ा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार कार में जामताड़ा डीटीओ कार्यालय के चालक मिथुन कुमार और आउटसोर्सिंग कर्मी वेद प्रकाश सहित पाँच लोग सवार थे। ये रांची से जॉइनिंग के लिए आ रहे थे। हादसे में वेद प्रकाश लापता है।

ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त था, लेकिन मजबूरी में उसी अस्थायी रास्ते से वाहन चल रहे थे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।

Tags - jharkhand news jahrkhand latest news jharkhand update simdega jamtara news jamtara latest news jamtara khabar