द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कांग्रेस से निलंबित तीनों विधायकों के लिए अच्छी खबर है। कांग्रेस आला कमान ने तीनों का निलंबन वापस लेने का फैसला किया है। इनमें विधायक डॉ. इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप शामिल हैं। इसके साथ ही कहा गया है कि इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी। तीनों द्वारा रखे गए पक्ष को देखते हुए पार्टी ने निलंबन वापस लेने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने दी है।

पक्ष की समीक्षा के बाद लिया गया फैसला
एक मीडिया चैनल से बात करते हुए आलमगीर आलम ने बताया कि पार्टी आला कमान ने तीनों निलंबित विधायकों के निलंबन को वापस लेने का फैसला ले लिया है। तीनों विधायकों द्वारा रखे गए पक्ष की समीक्षा करने के बाद यह फैसला लिया गया है। इस संबंध में पार्टी आला कमान द्वारा दो सप्ताह के अंदर अधिसूचना जारी किया जाएगा।

30 जुलाई 2022 को कैश के साथ पकड़े गए थे
जानकारी हो कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा में 30 जुलाई 2022 को कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगड़ी की कार से 49 लाख रुपये नकद बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। पार्टी ने घटना के बाद तीनों को निलंबित कर दिया था।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N