logo

महागठबंधन सरकार ने झारखंड को विकास के सभी मानकों में पीछे धकेल दिया: सुदेश

987.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जेएमएम-कांग्रेस-राजद महागठबंधन की सरकार ने झारखंड को विकास के सभी मानकों में पीछे धकेल दिया। झारखंडियों के लिए नीति बनाने, युवाओं को रोजगार देने, बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने तथा महिलाओं चूल्हा खर्चा देने के नाम पर आई सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में भय, भूख और भ्रष्टाचार के अलावा इस राज्य को कुछ नहीं दिया। यह बातें आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो ने कही। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने गोला प्रखंड में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में अफसरशाही इस कदर हावी है कि छोटे-छोटे कार्यों को लेकर जनता को प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। पहले कोरोना के नाम पर सरकार ने समय काटा और अब नियोजन नीति, स्थानीय नीति और आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय का राजनीतिकरण कर, ये जनता को दिग्भ्रमित कर रहें।

कार्यकर्ता का जोश-उत्साह नई क्रांति की शुरुआत
जनसंपर्क अभियान चलाते हुए आजसू के वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि रामगढ़ की जनता एवं एनडीए कार्यकर्ताओं का जोश एवं उत्साह एक नई क्रांति की शुरुआत की ओर इशारा कर रहा है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से एनडीए प्रत्याशी सुनिता चौधरी के समर्थन में सड़कों पर उतरा जनसैलाब परिवर्तन का संकेत है। वर्तमान सरकार के खिलाफ नाराजगी की गवाही है। यह भी गवाही दे रहा कि राज्य के गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिला इस सरकार से त्रस्त हैं।

कथनी-करनी में अंतर समझ गई जनता
एनडीए प्रत्याशी सुनिता चौधरी ने कहा कि अब रामगढ़ की जनता खुद वर्तमान सरकार एवं रामगढ़ विधायक के कार्यों का आंकलन करने लगी है। उनकी कथनी और करनी में अंतर भी जनता बखूबी समझ चुकी है। निश्चित रूप से इस बार रामगढ़ में बदलाव होगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT