logo

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज बोले- झारखंड के युवाओं को रोजगार नहीं, सिर्फ मिल रहा आश्वासन

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज बोले- झारखंड के युवाओं को रोजगार नहीं, सिर्फ मिल रहा आश्वासन

द फॉलोअप, बोकारो:

Jharkhand News: भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM Jharkhand) के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज बुधवार को बोकारो के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वहीं शशांक राज ने राज्य सरकार (Jharkhand Government) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। नियुक्ति परीक्षाओं का विज्ञापन जारी करने, नौकरी पाने और जेपीएससी (JPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति तक के लिए छात्रों को आंदोलन करना पड़ रहा है। युवाओं को अपने अधिकार और भविष्य के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। यह स्थिति राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आगे कहा कि राज्य के युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। झारखंड में छात्रों को अपनी छोटी-बड़ी मांगों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। चुनाव के दौरान युवाओं को रोजगार देने के वादे किए गए थे, लेकिन आज उन्हें नौकरी के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में युवाओं को अपने भविष्य की चिंता लेकर लगातार आंदोलन करना पड़े, वहां सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।

छात्रों की मूल मांगों का समाधान नहीं

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने जेपीएससी और जेएसएससी (JSSC) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब छात्र परीक्षा में धांधली और अनियमितता के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए बुलाया। आंदोलन को शांत कराने का प्रयास किया गया और कुछ परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला भी लिया गया। इसके बावजूद छात्रों की मूल मांगों का समाधान नहीं हो सका। मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन उनके अनुसार सरकार अदालत में छात्रों का पक्ष मजबूती से रखने में सफल नहीं रही। इससे अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ी है। शशांक राज ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी दोनों की परीक्षा प्रणाली (Examination System) में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रहे। परीक्षा से लेकर परिणाम और नियुक्ति तक हर स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।

मांगों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए

परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच को लेकर उन्होंने कहा कि यदि छात्र निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच (CBI investigation) की मांग कर रहे हैं तो सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक दोषियों की पहचान हो सके और योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी राजनीतिक दल की प्रतिष्ठा से बड़ा है। सरकार को छात्रों के सवालों का जवाब देना चाहिए और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भाजपा युवा मोर्चा उनके साथ खड़ा रहेगा। सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के साथ नई भर्तियों के विज्ञापन जारी किए जाने चाहिए। केवल आश्वासन देने से युवाओं का भरोसा वापस नहीं आएगा। इसके लिए सरकार को ठोस निर्णय लेकर जमीन पर काम करना होगा। अंत में उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकार और रोजगार के सवाल पर भाजपा (BJP) युवा मोर्चा अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

Tags - Shashank Raj BJYM Jharkhand Jharkhand Politics Jharkhand Government JPSC JSSC Recruitment Scam Student Protest Government Jobs Recruitment Process Jharkhand News Political News