द फॉलोअप डेस्क
गुरुवार को गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से कई विधायकों ने नये प्रखंडों के निर्माण की मांग की। भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी की अनुपस्थिति में नवीन जायसवाल ने सदन में उनका गैर सरकारी संकल्प पढ़ा। उसमें उन्होंने गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पेसका, ओखरगाड़ा, डुमरिया, विश्रामपुर एवं कोदरमाना को प्रखंड बनाया जाए। नवीन जायसवाल ने तर्क दिया कि अगर यह मांग प्रखंड बनाने के लिए जरूरी आहर्ता पूरी करता है तो सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। वहीं डालटेनगंज से भाजपा विधायक आलोक चौरसिया ने भी चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नरसिंहपुर पथरा को प्रखंड बनाने की मांग की।

इन मांगों पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने साफ साफ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दोनों प्रखंड बनने की आहर्ता पूरी नहीं करते। डीसी की रिपोर्ट के अनुसार प्रखंड बनाने के लिए जरूरी आहर्ता पूरी नहीं होती। लेकिन सरकार नये प्रखंडों के सृजन के मुद्दे पर विचार कर रही है। इसके लिए नये सिरे से आहर्ता तय करने जा रही है। सरकार के 2015 के नोटिफिकेशन के अनुसार प्रखंड बनने के लिए 18 पंचायत और एक से सवा लाख की जनसंख्या जरूरी है। हालांकि चर्चा में यह बात भी आयी कि पलामु में चार पंचायतों का भी प्रखंड बनाया गया। मंत्री ने कहा कि पूरे मामले की विभाग स्टडी कर रहा है।
