logo

बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे पिता, स्कूल बस की टक्कर से हुई दर्दनाक मौत 

school19.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
देवघर के बाजला चौक से बंपास टाउन रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार पिता की मौत हो गयी। मृतक की पहचान 34 वर्षीय आर्किटेक्ट इंजीनियर आलोक कुमार के रूप में हुई है। वह अपने 5 साल के बेटे अर्णव आनंद को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे जमुना जोर के पास संत जेवियर्स स्कूल की बास ने स्कूटी को टक्कर मार दी। 

टक्कर से आलोक सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनका बेटा सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। इसके बाद बस आलोक को कुचलते हुए कुछ दूर तक घसीटती रही। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और एक टोटो को टक्कर मारी। इसके बाद सामने से आ रही कार से भिड़ने के बाद ही बस रुक पाई। गनीमत रही कि बस में बैठे दर्जनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई। 

घटना के बाद लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस कोई खलासी चला रहा था, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस और एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचने में करीब 45 मिनट लगा दिए। इस बीच परिजन खुद आलोक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नाराज लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे से इलाके में आक्रोश का माहौल है।

Tags - Jharkhand News Deoghar News Deoghar Latest News Deoghar Hindi News Road Accident