logo

108 एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली कंपनी सम्मान फाउंडेशन के साथ कांट्रैक्ट रद्द

ambulance3.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड सरकार की झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली संस्था सम्मान फाउंडेशन को बड़ा झटका देते हुए सेवा समाप्ति की नोटिस जारी किया है। मिशन निदेशक की ओर से 25 मई 2026 को जारी पत्र में संस्था पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि सम्मान फाउंडेशन द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन संतोषजनक तरीके से नहीं किया जा रहा था, जिससे राज्य की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विभाग ने आरोप लगाया है कि संस्था श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रही थी और कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय नहीं दिया जा रहा था। इसके अलावा कर्मचारियों को EPF और ESI जैसी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिलने के कारण उनका मनोबल गिर रहा था, जिसका सीधा असर एंबुलेंस सेवा के संचालन पर पड़ रहा था। विभाग के अनुसार, कई बार मीडिया में भी सेवा से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन संस्था की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई एंबुलेंस वाहनों का इंश्योरेंस 17 अप्रैल 2026 के बाद समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वाहन सड़कों पर चलाए जा रहे थे। विभाग ने इसे मोटर वाहन अधिनियम 1988 का उल्लंघन बताया है।

इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने सम्मान फाउंडेशन के साथ किया गया एकरारनामा रद्द करते हुए सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया है। साथ ही कहा गया है कि जब तक नई व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक संस्था को 108 एंबुलेंस सेवा सुचारू रूप से संचालित करनी होगी।

Tags - Jharkhand 108 ambulance contract cancelled Samman Foundation