logo

केंद्र कर रहा मजदूरों, किसानों और गरीबों के अधिकारों को कमजोरः दीपांकर भट्टाचार्य

केंद्र कर रहा मजदूरों, किसानों और गरीबों के अधिकारों को कमजोरः दीपांकर भट्टाचार्य

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (AIARLA) का आठवां दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन गिरिडीह जिले के सरिया में आयोजित किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि, नेता और वक्ता जुटे। इस दौरान जमीन अधिग्रहण, मजदूरों के अधिकार, रोजगार, न्यूनतम मजदूरी और ग्रामीण गरीबों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन में भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, आरा के विधायक जनार्दन पासवान सहित कई प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बिहार और झारखंड के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों लोग पहुंचे।

अपने संबोधन में दीपांकर भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों, किसानों और गरीबों के अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है और गरीबों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। सम्मेलन में ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, जमीन से जुड़े मुद्दों और शोषण के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया गया। संगठन ने मजदूरों और वंचित तबकों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की जरूरत पर जोर दिया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों, भूमिहीनों और गरीबों के संघर्ष को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करना तथा जमीन, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाना रहा।

Tags - AIARLAGiridihDipankar BhattacharyaJharkhand