द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 1 अगस्त को भाजयुमो के कार्यकर्ता सभी जिलों में प्रदर्शन करेंगे। 31 जुलाई को बीजेपी का मशाल जुलूस कार्यक्रम है। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने दी। बीजेपी की मांग है कि विवादित परीक्षाओं को रद्द करके उनकी CBI जांच हो। गड़बड़ियों की जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराकर दोषियों को जेल भेजें, कांग्रेस तत्काल राज्य सरकार से समर्थन वापस ले और मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।

सरकार पर जांच की दिशा भटकाने का आरोप
गौरतलब है कि पिछले दिनों, भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने संसद भवन परिसर में JPSC भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में प्रदर्शन किया था। अमर बाउरी ने कहा कि सरकार के पाप का घड़ा जल्दी फूटेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीजेपी की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। बीजेपी ने सरकार पर भर्ती घोटालों की जांच में लीपा-पोती का आरोप लगाते हुए कहा इसमें सरकार की सीधी संलिप्तता है। अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि जांच की दिशा भटकाकर असली गुनहगार को बचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि 14वीं JPSC मामले में कार्रवाई भाजपा के आंदोलन से शुरू हुई।
उन्होंने दावा किया कि 22 जुलाई को भाजयुमो के प्रदर्शन के बाद सीआईडी जांच बैठी। छापेमारी कर चंद संलिप्तों को जेल भेजा गया, अध्यक्ष का इस्तीफा हुआ, अभय तिवारी की गिरफ्तारी हुई, ये ये नाकाफी है।
भाजपा ने आयोग के सदस्यों का सरकार से कनेक्शन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक कद्दावर नेता की पत्नी इनमें शामिल है। बीजेपी ने कहा कि केवल CBI जांच से ही मामले की पर्दाफाश होगा।

सरकार पर तानाशाही होने का आरोप लगाया
अमर बाउरी ने छात्र आंदोलन के प्रति तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं का आक्रोश चरम पर है। उन्होंने कहा कि युवा आर-पार के मूड में हैं। अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि झारखंड की कांग्रेस समर्थित सरकार युवाओं के भविष्य को बेच कर अपनी तिजोरी भर रही है। अमर बाउरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्र ससरकार ने मजबूत कानून पारित किया है। बिल दोनों सदनों से पास हो चुका है।
उन्होंने पीएम मोदी, कैबिनेट और संसद का आभार व्यक्त किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के खिलाफ केंद्र सरकार पर हमलावर विपक्ष, गैर-बीजेपी शासित राज्यों में पेपर लीक की घटनाओं पर खामोश है। उन्होंने कहा कि झारखंड में महागठबंधन सरकार में नौकरी बेची जा रही है।