द फॉलोअप, रांची
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं व कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग पूरी तरह समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। मेला क्षेत्र में उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर, विभाग द्वारा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर कुल 34 सूचना सह सहायता केन्द्र का सफल संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में इन केन्द्रों का मुख्य उद्देश्य मेला क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने के साथ-साथ भीड़ में अपने परिजनों से अलग हो गए श्रद्धालुओं की मदद करना है। यह केंद्र बिछुड़े हुए कांवारियों को आपस में मिलाने और उन्हें उनके सुरक्षित गंतव्य की ओर प्रस्थान कराने में एक महत्वपूर्ण सेतु साबित हो रहे हैं।

बिछुड़ों को अपनों से मिलाने का बना सशक्त माध्यम
मेला में अक्सर विशाल जनसमूह के कारण कई श्रद्धालु अपने परिवार या दल से अलग हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में, इन 34 सूचना सह सहायता केन्द्रों पर तैनात कर्मियों द्वारा लाउडस्पीकर (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) के माध्यम से लगातार घोषणाएं की जा रही हैं। इसके साथ ही, विभाग के विभिन्न केंद्रों के बीच आपसी डिजिटल समन्वय और त्वरित सूचना प्रणाली के माध्यम से कम से कम समय में अपनों को अपनों से मिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान वापस लाई जा रही है।

इसके अलावा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में 34 सूचना सह सहायता केन्द्र निम्नलिखित स्थलों पर है-दुम्मा, कलकतिया, अध्यात्मिक भवन, ठनठनिया धर्मशाला के पास, बांक, सरासनी, खिजुरिया, फुटओवर ब्रिज, ISBT बाघमारा बस पड़ाव, कोठिया बस पड़ाव, शिवगंगा गोल घर, भट्ठर धर्मशाला, सुविधा केन्द्र बाबा मंदिर, क्यू कॉम्पलेक्स,
नेहरू पार्क पंडाल के अंदर, नेहरूपार्क प्रवेश द्वार, जलसार चिल्ड्रेन पार्क, तिवारी चौक, बी एड कॉलेज, सरकार भवन मोड़, बरमसिया चौक, नंदन पहाड़, काली बाड़ी मोड़ बेलाबगान (सिंघवा मोड़), जसीडीह रेलवे स्टेशन, बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन, देवघर रेलवे स्टेशन, आर. एल. सर्राफ उच्च विद्यालय, रांगा मोड़, हिन्दी विद्यापीठ, कुमुदनी घोष रोड (अस्थायी थाना के बगल में), सिंघवा वाटर फिल्टरेसन प्लांट के पास, त्रिकुट पर्वत, तपोवन पर्वत के अलावा क्लब ग्राउंड के पास स्थापित किया गया है।
