द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के धरमपुर गांव निवासी युवक छोटी ठाकुर की मुंबई में डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई। वह करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था, जहां एक होटल में काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, छोटू ठाकुर पिछले करीब आठ दिनों से डेंगू से पीड़ित था। शुरुआत में सामान्य बुखार समझकर उसका इलाज कराया जा रहा था, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हवाई मार्ग से कोलकाता लाया गया शव
मृत्यु के बाद परिजनों ने शव को हवाई मार्ग से मुंबई से कोलकाता मंगवाया। इसके बाद सुबह एंबुलेंस से शव को पैतृक गांव धरमपुर लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। बाद में गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। छोटी ठाकुर की करीब एक वर्ष पहले टाटीझरिया के आमनारी में शादी हुई थी। उसके पीछे पत्नी और करीब छह माह की बच्ची है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक आई इस त्रासदी से ग्रामीण भी मर्माहत हैं।