logo

20 अगस्त को सीएम आवास का घेराव करेंगे आंदोलनरत छात्र! कल महापुतला दहन कार्यक्रम

CM_HOUSE.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने आगामी 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी है। रविवार यानी कल सरकार का महापुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया है। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि अब निर्णायक कदम उठाने का वक्त आ गया है। अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर यह कहा है कि अब तक गांधीवादी तरीके से चला आ रहा आंदोलन अब भगत सिंह के रास्ते पर चलेगा। 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्रों ने तिरंगा यात्रा भी निकाली थी। 

आंदोलन के दौरान यह पहली बार है जब छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भी इस्तीफा मांग लिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जवाबदेही तय होनी चाहिए। आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि यदि JSSC-CGL की परीक्षा को रद्द करके पूरे मामले  की CBI जांच नहीं कराई जाती है तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव होगा। 

राहुल गांधी और सीएम हेमंत का पुतला दहन
अभ्यर्थियों ने जानकारी दी है कि वे कल (रविवार) को सभी जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से छात्र नेता रविंद्र ने राहुल गांधी के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर आपकी बात सरकार में नहीं सुनी जा रही है तो आप राज्य सरकार से अपना समर्थन वापस लीजिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े होने की बात कहकर दिग्भ्रमित ना करें। रिफॉर्म मंच ने कहा कि हमने शुरुआत से आंदोलन में गांधीवादी रास्ता ही अपनाया था, लेकिन अब भगत सिंह की राह चलेंगे। 
 


 

Tags - Jharkhand Student ProtestJPSCJSSC CGLCBIHemant Soren