द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में शुक्रवार को उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। खुद उत्पाद आयुक्त रवि शंकर शुक्ला निरीक्षण के लिए सड़क पर उतरे और शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित देशी-विदेशी शराब दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों में रखे स्टॉक रजिस्टर, कर्मचारियों की मौजूदगी, सीसीटीवी कैमरे, बिलिंग सिस्टम, और होमगार्ड की तैनाती की बारीकी से जांच की।
मोराबादी इलाके में तो स्थिति तब दिलचस्प हो गई जब आयुक्त खुद एक आम ग्राहक की तरह एक शराब दुकान पहुंचे और वहां से शराब की बोतल खरीदी। इस दौरान उन्होंने देखा कि ग्राहकों को सही बिल दिया जा रहा है या नहीं, स्टॉक में गड़बड़ी तो नहीं हो रही, और नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। अचानक पहुंचे अफसर को देखकर दुकान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि शराब दुकानों में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होमगार्ड की मौजूदगी सिर्फ नाम के लिए नहीं, बल्कि निगरानी के लिए होनी चाहिए।
इस कार्रवाई के दौरान मोराबादी स्थित शराब दुकान से 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 3 की पहचान नालंदा के दुकान प्रभारी प्रभात रंजन सिंह, रांची के सहायक विजय कुमार और निखिल कुमार साहू के रूप में हुई है। चौथे व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की जा रही है। उत्पाद आयुक्त रवि शंकर शुक्ला ने कहा, "हमारी प्राथमिकता है कि शराब बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।" इस छापेमारी ने दुकानदारों में खलबली मचा दी है और साफ संकेत दे दिया है कि अब विभाग कड़ी नजर रखेगा और कोई भी गड़बड़ी सामने आई तो कार्रवाई तय है।
