logo

सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर साधा निशाना, कहा- स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नहीं है गंभीर

सुदेश3.jpg

द फॉलोअप डेस्क/रांची
आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो बरियातू में एक बैठक को संबधित करने पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सक समुदाय को आगे आना होगा। झारखंड को एक स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित राज्य बनाने में चिकित्सकों को अहम भूमिका निभानी होगी।
महतो ने बरियातू स्थित डेंसिटी हेयर ट्रीटमेंट सेंटर में पार्टी से जुड़े चिकित्सकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता काफी कम है। बैठक को पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, मुख्य प्रशिक्षक संजय बसु मल्लिक एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने भी संबोधित किया। बैठक में स्वस्थ झारखंड के निर्माण  का संकल्प लिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर के आयोजन का निर्णय लिया गया।

इस दौरान सुदेश महतो ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर नहीं है। राज्य में खाट पर मरीजों को ढोया जा रहा है। नीति आयोग द्वारा जारी स्वास्थ्य सूचकांकों में झारखंड का प्रदर्शन अन्य राज्यों की तुलना में पीछे है।

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य है, जहां प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं की कमी आज भी एक गंभीर चुनौती है। ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों की कमी, चिकित्सकों की अनुपस्थिति और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव जनता को बेबस कर देता है। आजसू पार्टी इस स्थिति को बदलने के लिए संकल्पित है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक झारखंडी को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand latest update jharkhand khabar sudesh mahto news sudesh mahto latest news AJSU jharkhand sarkar jharkhand health department