द फॉलोअप डेस्क
तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बालसरिंग स्थित ब्लू पॉइंट खदान में गुरुवार को एक हादसा की सूचना सामने आई है। इस हादसे में संत जेवियर्स कॉलेज में पढ़ने वाली थर्ड ईयर की छात्रा की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि छात्रा की डूबने से मौत हो गई है। मृतक छात्रा का नाम दीप्ति प्रकाश है। वह भागलपुर के कहलगांव के रहने वाली थी, जबकि रांची में वह कांटाटोली चौक के समीप एक किराए के मकान में रहती थी। जानकारी के अनुसार इस मामले की जानकारी मृतक छात्रा के परिवार वालों को दे दी गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दीप्ति प्रकाश अपने दोस्तों के साथ ब्लू प्वाइंट खदान घूमने गई थी। खदान में पैर फिसलने से वह डूब गई।

एनडीआरएफ की टीम ढूंढेगी शव
मृतक छात्रा की शव को खदान से बाहर नहीं निकाला जा सका है। उसे निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया था। मगर शाम होने की वजह से टीम ब्लू पॉइंट में नहीं उतर सकी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम छात्रा को खोजने के लिए खदान में उतरेगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT