logo

श्रावणी मेले में गंदगी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, आज रेस्टोरेंट संचालक पर लगा जुर्माना

SHRWANI.jpg

देवघर:

श्रावणी मेले में स्वच्छता का खास ध्यान रखा जाएगा। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने निर्देश दिया है कि मेला  क्षेत्र में गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिया है कि  मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया जायेगा। इसी सिलसिले में शुक्रवार को निरीक्षण  के दौरान नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने पर चारपाई रेस्टोरेंट के संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। श्रावणी मेला शुरू हो गया है जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। 

सूखा-गीला कचरा बीच सड़क पर फेंक दिया
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि चारपाई रेस्टोरेंट के ठीक आगे कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ था। गहन जांच और स्थानीय इनपुट से यह स्पष्ट हुआ कि रेस्टोरेंट से निकलने वाला गीला और सूखा कचरा डस्टबिन में डालने के बजाय रोजाना मुख्य सड़क पर ही फेंक दिया जाता था। इस लापरवाही के कारण आसपास के पूरे क्षेत्र में भारी बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ था। 

श्रावणी मेला में स्वच्छता सर्वोपरि रहेगी
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा है कि राजकीय श्रावणी मेला में स्वच्छता सर्वोपरि है। सभी प्रतिष्ठान अनिवार्य रूप से दोहरे डस्टबिन (गीले और सूखे कचरे के लिए) का उपयोग करें और कचरा केवल नगर निगम के वाहनों या निर्धारित डंपिंग पॉइंट पर ही दें। यदि कोई भी दुकानदार बाबा की नगरी को गंदा करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सीधे जब्ती और जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
 

Tags - Shrawani MelaDeogharBaba Baidyanath DhamJharkhand News