logo

गुलाम अहमद मीर का बड़ा बयान, झारखंड में अब नहीं बदले जाएंगे कोई उम्मीदवार

gulam_ahemed_mir_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने साफ तौर पर अपने कार्यकर्ताओं को कहा है कि गोड्डा के बाद अब किसी भी सीट पर उम्मीदवारों को नहीं बदला जाएगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुट जाए। गौरतलब है कि प्रत्य़ाशियों के नाम के ऐलान के दौरान पहले कांग्रेस ने गोड्डा से दीपिका पांडे सिंह को टिकट दिया था। बाद में उनके नाम को लेकर कांग्रेस में ही विरोध देखने को मिला, जिसके बाद उनका टिकट काट दिया गया। कांग्रेस ने दीपिका की जगह पर नए प्रत्याशी प्रदीप यादव पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है। ऐसे में चर्चा जोरो से थी कि चतरा से के एन त्रिपाठी का पत्ता पार्टी काट सकती है। ऐसे सभी कयासों पर गुलाम अहमद मीर ने आज विराम लगा दिया। 


जिन नामों की घोषणा की गई है वह फाइनल 
गुलाम अहमद मीर ने एक इंटरव्यू में कहा कि सवाल 7 का नहीं बल्कि कुल 14 सीटों का है। झारखंड में बीजेपी के खिलाफ मैदान में गठबंधन है। झारखंड में गठबंधन का डायरेक्ट इम्पैक्ट देखा जा रहा है। यहां पर JMM,RJD,लेफ्ट और क्रांगेस साथ में लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हमारी पूरी नजर 14 सीट पर है। कोशिश यही है कि 14 में से ज्यादा से ज्यादा सीटे गठबंधन को मिले। कांग्रेस की जहां तक बात है हमारी 7 प्रत्याशी इस बार मैदान में हैं। जिसमें चतरा,गोड्डा, हजारीबाग,धनबाद,लोहरदगा,रांची,खूंटी शामिल है। गोड्डा में उम्मीदवार बदले जाने पर सफाई देते हुए गुलाम अहमद मीर ने कहा कि खासी वजह की वजह से गोड्डा में उम्मीदवार बदले गए। लेकिन अब किसी भी 7 सीट पर प्रत्याशियों के नाम नहीं बदले जाएंगे। जिन नामों की घोषणा की गई है वह फाइनल हैं। 


उलगुलान रैली में हुआ था जमकर विरोध
गौरतलब है कि 21 अप्रैल को रांची में विपक्षी दलों का जुटान हुआ था। यहां उलगुलान रैली का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में चतरा लोकसभा सीट से कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। यहां महारैली के दौरान हंगामा हो गया था। बताया जा रहा है कि चतरा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी को लेकर वहां के कार्यकर्ता सहमत नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग है कि इस सीट से किसी स्थानीय को मौका दिया जाए। कार्यकर्ताओं के हंगामे और मांग के बाद अब कांग्रेस पार्टी यहां से प्रत्याशी बदलने का प्लान कर रही है। केएन त्रिपाठी को लेकर कहा जा रहा है कि वह बाहरी प्रत्याशी हैं। जिसके बाद माना जा रहा है कि कांग्रेस चतरा लोकसभा सीट से भी प्रत्याशी बदल सकती है लेकिन गुलाम अहमद मीर ने आज इस सभी कयासों पर विराम लगा दिया। 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - JharkhandGulam ahmed mir