logo

प्रदेश भाजपा के नेताओं ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात

man_ki_bat.jpg

द फॉलोअप, रांची

भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सुना। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी तथा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को हमेशा प्रेरणादायी संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, जरूरतमंदों की सहायता करने और पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में रांची में आयोजित नेशनल फेडरेशन कप में भारतीय एथलीट गुरिंदरवीर सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख कर सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाली खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी विशेष बल दिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी, मनोज सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags - Jharkhand State BJP PM Narendra Modi Mann Ki Baat