logo

स्टार वॉरियर्स की बेटियों का जलवा, झारखंड U-16 टीम में हुई एंट्री

स्टार वॉरियर्स की बेटियों का जलवा, झारखंड U-16 टीम में हुई एंट्री

द फॉलोअप डेस्क

स्टार वॉरियर्स की तीन बेटियों का झारखंड U-16 टीम में चयन हुआ है। रांची के कांके चरदी स्थित स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की तीन होनहार खिलाड़ियों राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन हुआ है। तीनों खिलाड़ी इस समय आंध्र प्रदेश में झारखंड टीम के साथ मौजूद हैं और आज झारखंड-बिहार के बीच होने वाले मुकाबले में राज्य का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। राखी कुमारी और नैंसी मुंडा ऊलातू पंचायत के चरदी गांव की रहने वाली हैं, जबकि आयुषी कुमारी बोड़या पंचायत के संग्रामपुर गांव की निवासी हैं। तीनों के चयन से उनके गांव और स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब में खुशी का माहौल है।

सीमित संसाधनों के बावजूद बनी  U-16 का हिस्सा 

इन तीनों बेटियों की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि सीमित संसाधनों और मैदान की कमी के बावजूद इन्होंने खेतों में अभ्यास करते हुए अपने खेल को निखारा और आज झारखंड की U-16 टीम तक पहुंच बनाई है। स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब से लगातार खिलाड़ियों का झारखंड टीम में चयन होता रहा है और खिलाड़ी राज्य के लिए पदक भी जीत रहे हैं। इन बेटियों की कहानी ग्रामीण क्षेत्र की उन लड़कियों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद फुटबॉल में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखती हैं।

तीनों खिलाड़ियों को चयन होने पर मिली बधाइयाँ 

तीनों खिलाड़ियों के चयन पर क्लब के कोच सह संस्थापक अनवरुल हक उर्फ बबलू ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि "हमारी बेटियां परिस्थितियों से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और हौसले से पहचान बना रही हैं। आज मैदान की कमी है, लेकिन उनके सपनों की कोई सीमा नहीं है।"  वहीं, राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी के चयन पर जगदीश सिंह ‘जग्गू’, रश्मि तिर्की, शाहनवाज कुरैशी, राणा मिश्रा, रामेंद्र कुमार, समेंदर कुमार, शकील अहमद, नुरूल हक, सुमित महतो और छोटू टोप्पो सहित क्षेत्र के लोगों ने भी शुभकामनाएं दीं।
 

Tags - Star Warriors Football Club Star Warriors Football Club Ranchi Jharkhand U-16 Football Team Jharkhand Under 16 Football Team