द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने केंद्रीय कैबिनेट से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जाताया है। उन्होंने कहा है कि इन दोनों विधेयकों के संसद से पारित हो जान पर न तो एससी सीटें घटेगी और ना ही एसटी सीटें। बल्कि झारखंड में लोकसभा की सीट 14 से बढ़ कर 21 और विधानसभा की 81 से बढ़ कर121 हो जाएंगी। साहू ने कहा कि आगामी संसद सत्र में इन दोनों विधेयकों के पूरे बहुमत से पास होने की पूरी उम्मीद है। साहू ने कहा कि देश की आबादी और भौगोलिक आवश्यकताओं में समय के साथ काफी बदलाव आया है। ऐसे में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का दायरा काफी बड़ा होने के कारण जनप्रतिनिधियों को अपने पूरे क्षेत्र का भ्रमण करने, जनता की समस्याओं को समझने और उनका समाधान कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए परिसीमन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके तहत झारखंड में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा की वर्तमान 81 सीटों में भी 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या लगभग 121 के आसपास पहुंच सकती है। सीटों की संख्या बढ़ने से एसटी, एससी सहित अन्य वर्गों के प्रतिनिधित्व में भी आनुपातिक रूप से वृद्धि की संभावना है। इसका सीधा लाभ झारखंड की जनता को मिलेगा और राज्य की आवाज देश की संसद तथा विधानसभा में और मजबूती से उठ सकेगी। साहू ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो सहित विपक्ष के कई दल परिसीमन के मुद्दे पर लगातार भ्रम और आशंकाएं फैलाते रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ने की पहल की है।
.jpeg)
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा यह निर्णय देश की वर्षों पुरानी आकांक्षा को पूरा करने तथा माताओं-बहनों को देश की राजनीतिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका उचित अधिकार और सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं की भागीदारी केवल प्रतिनिधित्व का विषय नहीं है, बल्कि देश के लोकतंत्र को अधिक समावेशी, सशक्त और संवेदनशील बनाने का संकल्प है। देश की आधी आबादी को नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर मिलना चाहिए। साहू ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक महिला आरक्षण के नाम पर केवल राजनीति की। महिलाओं को उनका अधिकार देने के अनेक अवसर आए, लेकिन कांग्रेस ने इस दिशा में ठोस और निर्णायक पहल नहीं की। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और स्पष्ट संकल्प के साथ महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है।
