द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पिता की दूसरी शादी से नाराज होकर अपनी सौतेली मां की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। यही नहीं, घटना में उसकी सौतेली बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गयी है। मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के बेड़मा बभंडी गांव का है। पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी बेटे नौशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि जसीमुद्दीन अंसारी नाम के व्यक्ति ने दिल्ली में मजदूरी के दौरान तेजू नाम की महिला से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद वह तेजू को लेकर अपने गांव आया। यहां उसकी पहली पत्नी और बच्चे पहले से ही रह रहे थे। जसीमुद्दीन ने दोनों पत्नियों को अलग-अलग घरों में रखा था, लेकिन उसका बेटा नौशाद अपने पिता की दूसरी शादी से काफी नाराज था। इसी वजह से परिवार में तनाव भी बना रहता था।
गुरुवार को नौशाद तेजू के घर पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी हो गयी। गुस्से में आकर नौशाद ने चाकू से तेजू की गला रेतकर हत्या कर दी। इस दौरान उसकी सौतेली बहन भी बीच-बचाव में आई तो वह भी घायल हो गयी। घायल लड़की को तुरंत मेदिनीराय कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तेजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक महिला दिल्ली की रहने वाली थी और कुछ साल पहले ही उसकी शादी जसीमुद्दीन से हुई थी।
