नई दिल्ली/रांची
पूर्व विधायक सीता सोरेन अपनी बेटी जयश्री सोरेन के साथ पिछले 15 दिनों से लगातार दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में अपने ससुर एवं झारखंड के वरिष्ठ नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की सेवा और देखभाल में जुटी हैं। दोनों अस्पताल में मौजूद रहकर उनका हालचाल ले रही हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए लगातार प्रार्थनाएं कर रही हैं। शिबू सोरेन पिछले करीब एक माह से अस्पताल में भर्ती हैं। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें मल्टीपल ऑर्गन डिसएबल डिजीज की शिकायत है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम में विशेष प्रार्थनाएं भी की जा रही हैं। शिबू सोरेन के समर्थकों और शुभचिंतकों में भी चिंता का माहौल है और वे उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। झारखंड आंदोलन के अगुआ रहे शिबू सोरेन को राज्य में 'दिशोम गुरु' के नाम से जाना जाता है। वे लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं।
