logo

4 अगस्त को धूमधाम से मनेगा हर हर महादेव सेवा संघ का सिल्वर जुबली समारोह, जानिए क्या कुछ होगा खास

manoj_tiwari.jpg

**


द फॉलोअप डेस्क
बहुप्रतीक्षित हर हर महादेव सेवा संघ की भजन संध्या का पावन अवसर एक बार फिर आ गया है। यह भजन संध्या का 25वां वर्ष है। इस वर्ष रजत जयंती के रूप में इसे और भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। लगातार 25 वर्षों तक किसी आयोजन की निरंतरता अपने आप में इसके महत्व को बताने के लिए काफी है, जो सभी श्रद्धालुओं और संघ के स्वयंसेवकों के सहयोग से संभव हो पाया है। इस अवसर पर तमाम श्रद्धालुओं, जिला प्रशासन, पुलिस सहित तमाम सेवाव्रतियों को बधाई दी गई है।

यह भजन संध्या सावन महीने के अंतिम सोमवार को परंपरागत ढंग से हर हर महादेव सेवा संघ द्वारा 04 अगस्त 2025 को संध्या 6.30 बजे से साकची गुरुद्वारा मैदान में आयोजित की जा रही है। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक मनोज तिवारी अपनी पूरी गायन और वाद्य मंडली के साथ उपस्थित रहेंगे। पूरा कार्यक्रम पूर्व की भांति ही भव्य ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पूरे साकची गुरुद्वारा मैदान में पक्का पंडाल बनाया गया है जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए बैठने की कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
भव्य और वृहद स्टेज के साथ प्रवेश द्वार पर पूर्व की तरह परंपरागत ढंग से बाबा बर्फानी की आकृति लिए विशालकाय बर्फ शिवलिंग का आसन होगा, जहां सर्वप्रथम पूजन के उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत होगी और कार्यक्रम का समापन विधिवत आरती के साथ किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसाद, पेयजल उपलब्ध रहेगा।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश निःशुल्क होता है। इसके लिए श्रद्धालुओं को संघ द्वारा गेट पास वितरित किया जाता है और उसी पास के आधार पर प्रवेश नियंत्रित किया जाता है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे समय पर स्थान ग्रहण कर लें। दर्शक दीर्घा में अगली कुछ पंक्तियां आरक्षित रहती हैं। श्रद्धालुओं से निवेदन किया गया है कि वे कार्यक्रम में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपना पूर्ववत सहयोग प्रदान करें और पूरे आयोजन का उमंग और उल्लास के साथ आनंद लें तथा भोले बाबा की कृपा प्राप्त करें।
कालीमाटी रोड पर पंडाल के अलावा विद्युत साज-सज्जा, यातायात परिचालन, अग्निशमन की विधिवत व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए स्वयंसेवकों की टीम मुस्तैद रहेगी। एहतियाती बंदोबस्त के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। संघ के सदस्य इसके लिए उपायुक्त, वरीय आरक्षी अधीक्षक, आरक्षी अधीक्षक (नगर), अनुमंडल पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, अग्निशमन सहित सभी जिम्मेवार प्रशासनिक इकाइयों से सहयोग ले रहे हैं।

हर हर महादेव सेवा संघ के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने एक संवाददाता सम्मेलन में पूरे कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारी जोरों पर है। श्रद्धालुओं के लिए भोग प्रसाद, पेयजल, चाय आदि की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। आयोजन की तैयारी को लेकर संघ के सदस्यों की लगातार बैठक हो रही है और अलग-अलग तैयारी और समीक्षा की जा रही है। यातायात व्यवस्था, मंच, भोग प्रसाद से लेकर अन्य सारी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। संघ के सभी सदस्य इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए पूरे उत्साह के साथ लगे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि यह सातवां अवसर है जब प्रख्यात भजन गायक मनोज तिवारी कार्यक्रम में भजन प्रस्तुत करने आ रहे हैं। इसके पहले लखबीर सिंह लक्खा, कैलाश खेर, अनूप जलोटा, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, भरत शर्मा व्यास, कल्पना पटवारी, पवन सिंह, देवी, कन्हैया मित्तल जैसे विख्यात भजन गायक संघ के कार्यक्रम में प्रस्तुति दे चुके हैं।

चार को मिलेगा संघ रत्न सम्मान
संघ द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वालों को संघ रत्न और संघ सेवा पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इस बार धनबाद के पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री, झारखंड सरकार पशुपतिनाथ सिंह को संघ सेवा रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सेवा के क्षेत्र में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. मानस कविराज, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरव तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं 'चमकता आईना' के संपादक जयप्रकाश राय, केरला पब्लिक स्कूल के डॉ. श्रीकांत नायर को संघ सेवा पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश हर बार की तरह निशुल्क रहेगा, मगर उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। संध्या 6 बजे स्थानीय कलाकार कृष्णमूर्ति एवं उनकी टीम भजन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद थोड़ी देर का सम्मान समारोह होगा और फिर मुख्य कलाकार मनोज तिवारी मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह समय पर अपना स्थान ग्रहण करें।

पूर्व वर्षों में चिकित्सा, समाज सेवा, उद्यमिता, लोकगीत, शिक्षा, विकास, पत्रकारिता, रक्तदान, खेलकूद, बाल विवाह विरोध, जंगल रक्षा, नारी शक्ति जैसे क्षेत्रों में डॉ. सिद्धू, डॉ. बीपी सिंह, डॉ. नागेंद्र सिंह, स्व. विधायक दीनानाथ पांडे, डॉ. तमोजीत, डॉ. आसिफ, डॉ. एसके मिश्रा, डॉ. जकारिया, डॉ. एसएस रजी, प्रेमलता अग्रवाल, डॉ. स्वर्ण सिंह, डॉ. अली, गोबिंद दोदराजका, डॉ. चंद्रशेखर झा, आरके अग्रवाल, हरि बल्लभ सिंह आरसी, स्व. राधेश्याम अग्रवाल, स्व. रतन जोशी, चामी मुर्मू, यमुना टुडू, लखबीर सिंह लक्खा, भरत शर्मा व्यास, अरुणा मिश्रा, छूटनी महतो, आरडी नंदा, पीएन गोप, मनोरंजन दास, निमाई पंडा, संगीतज्ञ तराना, गणेश राव, सरदार शैलेन्द्र सिंह आदि को संघ रत्न सेवा अवार्ड दिया गया है।


 

Tags - har har mahadev Seva Sangh jamshedpur latest jamshedpur News jamshedpur updates jamshedpur News Updates manoj tiwari in jamshedpur jamshedpur news updates latest jamshedpur News