द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोडरमा के तिलैया में सर्वाधिक 46.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चंदवा में 45.2 मिमी और रांची के कांके में 42.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूर्वी सिंहभूम सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी एवं पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी आशंका है।

रांची में बारिश से जलजमाव, कई इलाकों में बिजली बाधित
रविवार को राजधानी रांची में दिनभर तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को अचानक मौसम बदला। शाम छह बजे के बाद शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक जारी रही। भारी वर्षा के कारण सेवा सदन पथ, जयपाल सिंह स्टेडियम क्षेत्र, मेन रोड और स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। सुरक्षा कारणों से कई क्षेत्रों में आधे घंटे से एक घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

अगले 4 से 5 दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। समुद्र तल पर मौसमी ट्रफ पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक झारखंड होते हुए गुजर रही है, जिससे एक सक्रिय मौसम प्रणाली बनी हुई है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है और तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।