द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया के मोतीनगर में रविवार शाम पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता और उनके पुत्र अनुराग कुमार गुप्ता पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। वहीं एक ऑडियो के आधार पर यह भी दावा किया जा रहा है कि घटना से पहले पत्रकार को फोन पर धमकी दी गई थी। जानकारी के अनुसार, पत्रकार सुनील कुमार गुप्ता रविवार शाम बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर उनके पुत्र अनुराग कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने बचाया, कई लोगों पर आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह दोनों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया जा सका। घायल पत्रकार ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले प्रकाश कुमार यादव, दिनेश कुमार यादव, नीरज कुमार यादव समेत कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उन पर हमला किया। उनका कहना है कि हमला पूर्व नियोजित था और उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाने की नीयत से अंजाम दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।