logo

ड्यूटी जा रहे युवक को हाइवा ने कुचला, मौत के बाद सड़क जाम; चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग

जदग.jpg

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक सुमित मुंडा की मौत हो गई। हादसा सालगाझुरी स्थित हनुमान मंदिर के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। मृतक चांदनी चौक का रहने वाला था और बताया जा रहा है कि वह टाटा मोटर्स में कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार सुमित मुंडा बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवरटेक करने के दौरान हाइवा चालक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद वाहन का पहिया सुमित के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मौत के बाद सड़क जाम, चालक की गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाइवा को रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। इससे नाराज लोगों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।

हाइवा जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर हादसा हुआ वह काफी संकरी है, इसके बावजूद वहां भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है। लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

Tags - Jharkhand Jamshedpur Accident Road Safety Parsudih