logo

जमशेदपुर : चैती छठ पूजा को लेकर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति कर रही विशेष तैयारियां, भव्य रूप से होगा आयोजन

rhkgevulthbierby.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चैती छठ पूजा को लेकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार चार दिवसीय चैती छठ 22 से 25 मार्च तक है। पर्व की शुरुआत नहाय खाय से होगी और उषा अर्घ्य के साथ समापन होगा। सोमवार को सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में चैती छठ पूजा की सफलता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की सफल आयोजन को लेकर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को सुनिश्चित किया।
इस बैठक में सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद रहे। सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के मार्गदर्शन में छठ व्रतियों के लिए स्वच्छता और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जायेगा। मंदिर परिसर में स्थित दोनों तालाबों की सफाई कर उनमें स्वच्छ और निर्मल जल भरा जाएगा, जिससे श्रद्धालु पवित्र भाव से सूर्य उपासना कर सकें। साथ ही, पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। वहीं, पूजा के दौरान व्रतधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यहां 25 मार्च को सुबह अर्घ्य के लिए गाय का कच्चा दूध, अगरबत्ती, चाय व अन्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, 24 मार्च को संध्या अर्घ्य के दिन शीतल पेय शर्बत का वितरण किया जायेगा। 
इधर, चैती छठ पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति के सदस्यगण सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, घाट पर 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए 24 मार्च को दोपहर 2 बजे सूर्य मंदिर परिसर के दोनों तालाबों के प्रवेश द्वार को खोला जायेगा।  सूर्य मंदिर समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में छठ पूजा करने अवश्य पधारें। बैठक के दौरान अमरजीत सिंह राजा, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, कृष्णमोहन सिंह, कंचन दत्ता, प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा समेत अन्य उपस्थित थे।

 

Tags - Chaiti Chhath Puja 2026 Sidgora Surya Mandir Chhath Puja Surya Mandir Committee Meeting Jamshedpur Nahai Khai to Usha Arghya Rituals Chhath Puja Dates March 22 to 25 Devotees Gathering Chhath Puja Jamshedpur Surya Mandir Sidgora Event News