रांची
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पावन अवसर पर देवघर आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं के स्वागत और उनकी सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी कड़ी में सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को विभिन्न प्रकार की रंगीन और आकर्षक लाइटों से भव्य रूप से सजाने का कार्य किया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय रोशनी से सराबोर हो उठा है। श्रद्धालुओं के मार्ग को सुगम और सुंदर बनाने के लिए मेला क्षेत्र के सभी विद्युत पोलों को आधुनिक स्पाईरल लाइटों से सुसज्जित किया गया है। इसके साथ ही, पूरे मेला परिसर और कांवरिया पथ में रंग-बिरंगे छोटे-छोटे विद्युत बल्बों की आकर्षक लड़ियां लगाई गई हैं, जो रात के समय मेले की भव्यता में चार चांद लगा रही हैं। साथ ही विभिन्न मुख्य प्रवेश मार्गों और चौक-चौराहों पर भव्य तोरण द्वारों (स्वागत द्वारों) का निर्माण किया गया है। इन तोरण द्वारों पर की गई विशेष विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

सुरक्षित और सुखद वातावरण का अहसास हो
इसके अलावा मेला क्षेत्र में डेकोरेटिव लाइट, डिजाइनर लाइट व रंग-बिरंगे स्पाईरल लाईट से सुसज्जित विद्युत पोल की सुंदरता परस्पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। सिर्फ इतना हीं नहीं इसकी सुन्दरता रात्रि के समय देखने से ऐसा लगता है मानो किसी समारोह या उत्सव में पहुंचे हो। वर्तमान में मंदिर के आस-पास के क्षेत्र, शिवगंगा तट, नेहरू पार्क, बाजार एवं कावड़िया पथ, रुटलाइन व मेला क्षेत्र के अन्य जगहों पर इन लाईटों को जगमगाते हुए आसानी से देखा जा सकता हे। जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला में इन लाईटों को लगाने का मुख्य उद्देश्य यहां आए कांवरियों को सुखद अनुभूति प्रदान करना हैं; ताकि यहां के साज-सज्जा और सुन्दरता उनके मानस पटल में अविस्मरणीय रूप से लम्बे समय तक अंकित रह सकें।
