logo

मुख्य अभियंता और कार्यपालक अभियंता बोकारो के पद से श्रवण कुमार की छुट्टी

्््.jpg

द फॉलोअप, रांची
ग्रामीण कार्य विभाग ने चर्चित अभियंता श्रवण कुमार को मुख्य अभियंता और बोकारो कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के पद से छुट्टी कर दी है। यहां मालूम हो कि श्रवण कुमार की मूल पोस्टिंग कार्यपालक अभियंता बोकारो के पद पर थी। इसके अलावा विभाग ने उन्हें गिरिडीह के अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता का भी अतिरिक्त प्रभार सौंप रखा था। इस तरह वह बोकारो, गिरिडीह और रांची, तीन तीन जगह काम कर रहे थे। इसको लेकर विवाद बढ़ने के बाद उन्हें मुख्य अभियंता और बोकारो के कार्यपालक अभियंता के पद से छुट्टी दे दी गयी है। अब उनकी पोस्टिंग केवल गिरिडीह के अधीक्षण अभियंता पद पर की गयी है। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गयी है।


तबादले की अधिसूचना के मुताबिक प्रभारी मुख्य अभियंता मनोहर कुमार को मुख्य अभियंता का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह जेएसआरआरडीए के कार्यपालक अभियंता सुबोध पासवान को स्थानांतरित कर राज्य गुणवत्ता संयोजक (एसक्यूसी ), जेएसआरआरडीए रांची के पद पर स्थानांतरित किया गया है। मिट्टी अन्वेषण प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार दास को अब अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अंचल, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है। जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार मिश्र अपने कार्यों के साथ अब अधीक्षण अभियंता, कार्य अंचल, चाईबासा के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। रामगढ़ के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार को अपने प्रमण्डल के साथ-साथ कार्यपालक अभियंता, कार्य प्रमण्डल, बोकारो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गुमला के कार्यपालक अभियंता विकास कुमार अब अपने मूल कार्यों के अलावा कार्यपालक अभियंता, मिट्टी अन्वेषण प्रमण्डल, रांची के अतिरिक्त प्रभार में कार्य करेंगे।

Tags - Jharkhand REO Shravan Kumar Chief Engineer Transfer