logo

झारखंड के खेल मंत्रालय में हुआ है 'खेला', सीबीआई करे मामले की जांच- बाबूलाल मरांडी

BABULAL4.jpeg

रांची  
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आज कहा कि झारखंड के खेल मंत्रालय में 'खेला' हुआ है, जिसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिये। मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में वर्ष 2023 में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप के आयोजन में चर्चित चारा घोटाले के तर्ज पर खेल निदेशालय ने करोड़ों का घोटाला किया है। कहा कि पेट्रोल कार में डीजल डालने के बिल का भुगतान कर दिया गया। बैट्री से संचालित ई रिक्शा में भी डीजल भरने के बिल का भुगतान कर दिया गया। कहा कि इतना ही नहीं 19 हजार रुपये प्रति प्लेट की थाली गटक गए। ये रांची के सबसे महंगे होटल के रेट से भी कई गुना ज्यादा है।

चहेती एजेंसी को टेंडर दिया 

मरांडी ने आगे कहा कि आयोजन के टेंडर निष्पादन में चहेती एजेंसी को टेंडर देने के लिए तय दरों में हेरफेर कर दी गई। कहा कि इससे स्पष्ट है कि एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप के दौरान खेल मंत्रालय द्वारा आयोजन में भारी अनियमितता बरती गई है। मरांडी ने कहा कि कोयला, बालू, पत्थर, युवाओं की नौकरी लूटते-लूटते ठगबंधन सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन को भी भ्रष्टाचार में झोंक दिया।

सीबीआई करे जांच 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह भ्रष्टाचार का गंभीर मामला उजागर हुआ है। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से आग्रह है कि इसे संज्ञान में लेकर शीघ्र कारवाई करें। इस मामले की सीबीआई जांच की अविलंब अनुशंसा करें। कहा कि इतने बड़े घोटाले को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसमें जनता के पैसे के साथ खिलवाड़ किया गया है। 


 

Tags - Babulal marandiCBIJharkhand NewsBJP