logo

गर्भवती पत्नी की हत्या के मामले में पति को आजीवन कारावास, हथौड़े से सिर पर किया था वार

गर्भवती पत्नी की हत्या के मामले में पति को आजीवन कारावास, हथौड़े से सिर पर किया था वार

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
छह माह की गर्भवती पत्नी की लोहे के हथौड़े से वार कर हत्या करने के मामले में सरायकेला अदालत ने दोषी पति राजेश कुमार (36) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह की अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद राजेश को हत्या का दोषी करार देते हुए यह फैसला सुनाया। अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास के साथ 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। वहीं धारा 201 के तहत 2 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। इसे नहीं भरने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

नौकरी छूटने के बाद अक्सर होता था विवाद

मामले के अनुसार बिहार के गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र निवासी कुंती देवी की पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी वर्ष 2011 में नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के पिरौटा गांव निवासी राजेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों रोजगार की तलाश में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर पहुंचे और बंतानगर में किराये के मकान में रहने लगे। घटना से करीब दो माह पहले राजेश की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था। घर के खर्च और खाने-पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।

विवाद के दौरान हथौड़े से किया हमला

28 जनवरी 2024 को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि राजेश ने कथित तौर पर लोहे के हथौड़े से प्रियंका के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय प्रियंका छह माह की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका की मां कुंती देवी ने 29 जनवरी 2024 को आरआईटी थाना पहुंचकर अपने दामाद राजेश कुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने राजेश कुमार को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

Tags - SeraikelaJharkhand NewsMurder CaseLife ImprisonmentCourt Verdict