logo

एक जमीन के विवाद ने बनाया माओवादी, 15 साल तक जंगलों में रहा संजय

एक जमीन के विवाद ने बनाया माओवादी, 15 साल तक जंगलों में रहा संजय

मेदिनीनगर:

Jharkhand News: जमीन और पारिवारिक विवाद से शुरू हुई कहानी कब माओवाद के रास्ते तक पहुंच गई, इसका अंदाजा शायद संजय यादव (Naxalite Sanjay Yadav) को भी नहीं रहा होगा। करीब 15 वर्ष पहले अपनी जमीन को गोतिया (पैतृक हिस्सेदारों) से बचाने और जमीन पर अपना अधिकार कायम करने की मंशा से उसने माओवादी संगठन (Maoist) का दामन थामा था। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस जमीन को बचाने के लिए उसने हथियार उठाया, वह जमीन गोतिया से नहीं छुड़ा सका। दूसरी तरफ माओवादी संगठन में उसकी सक्रियता बढ़ती गई और वह जोनल कमांडर के पद तक पहुंच गया। झारखंड और बिहार में कुल 13 लाख रुपये का इनामी संजय यादव उर्फ संजय गोदराम आखिरकार महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

उसकी गिरफ्तारी के बाद पलामू पुलिस को एक और बड़ी सफलता तब मिली, जब उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।

13 लाख के इनामी माओवादी की ठाणे से गिरफ्तारी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम झारखंड में 10 लाख रुपये और बिहार में 3 लाख रुपये का इनामी माओवादी जोनल कमांडर है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह महाराष्ट्र के ठाणे में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर मुंबई एटीए की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद पलामू पुलिस ने गिरफ्तारी की विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के लिए 6 नवंबर 2026 को छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना के एसआई कुमार सौरभ को महाराष्ट्र भेजा। पुलिस टीम ने जरूरी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। छतरपुर थाना कांड संख्या 166/23 में 7 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड पर उसे पलामू लाया गया। 9 नवंबर को कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

 

पुलिस रिमांड में खुला जंगल में छिपे हथियारों का राज
संजय यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में पुलिस रिमांड के दौरान उसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर हथियारों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुसैनाबाद थानाक्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा मिला। 

SLR राइफल और 290 जिंदा कारतूस बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक 7.62 एमएम स्वचालित SLR राइफल मिली। इसके साथ 7.62 एमएम के 140 और .303 एमएम के 150 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। यानी कुल 290 जिंदा कारतूस पुलिस के हाथ लगे हैं। इसके अलावा SLR की तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट, एक मैगजीन पाउच, एक फोर साइट, गोली रखने वाले चार चार्जर, एक एम-सील, एक सीलिंग, दो टीन के केन (एक बड़ा और एक छोटा) तथा एक सफेद रंग का केसिंग पाइप भी बरामद किया गया है।

झारखंड-बिहार में 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं
पलामू पुलिस के अनुसार, संजय यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार में कुल 63 आपराधिक एवं उग्रवादी मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू जिले में 32, गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया में 10 मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पुलिस बल पर हमला, हत्या, विस्फोट, आगजनी, लेवी वसूली और विकास कार्यों में बाधा डालने जैसी गंभीर गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में छतरपुर थाना क्षेत्र के काला पहाड़ में पुलिस बल पर विस्फोट और फायरिंग की घटना में सात पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इस मामले में भी संजय यादव का नाम सामने आया था। वहीं वर्ष 2019 में पीपरा बाजार में जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष मोहन गुप्ता की हत्या, क्रेशर प्लांट में आगजनी और निर्माण कार्यों में लेवी मांगने जैसी घटनाओं में भी पुलिस रिकॉर्ड में उसकी संलिप्तता दर्ज बताई गई है।

अब नेटवर्क के दूसरे चेहरों की तलाश
संजय यादव की गिरफ्तारी और उसकी निशानदेही पर हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब उसके सहयोगियों और संगठन के अन्य संपर्कों तक पहुंच गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल में हथियार किसने छिपाए थे, इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था और संगठन के कितने लोग अब भी इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार माओवादी के सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Tags - Naxalite Sanjay YadavCPI MaoistJharkhand PolicePalamu Police