पटना
युवा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) आगामी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में ‘माई’ यानी महिला और युवा वर्ग के समीकरण के साथ मजबूती से मैदान में उतरेगी। पार्टी पूरी तरह से इस लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए। यह बातें रविवार को लोजपा (रामविलास) के राज्य मुख्यालय में आयोजित युवा लोजपा (रा) की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने कही। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस समाज के हर वर्ग के युवाओं को संगठन से जोड़ने पर है। साथ ही चिराग पासवान के मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे जनहितकारी कार्यक्रमों को गांव-गली तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के नारे को जन-जन तक पहुंचाने और 2025 के चुनाव में चिराग पासवान को विधानसभा चुनाव लड़वाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा युवा लोजपा (रा) को आगामी चुनाव में कम से कम 15 सीटों पर उतारने की मांग को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता वेद प्रकाश पाण्डेय ने की जबकि संचालन प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव सत्यानंद शर्मा, शाहनवाज अहमद कैफी, युवा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल पासवान, प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष हुलास पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी, विष्णु पासवान, संजय सिंह, मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट, चुनाव अभियान प्रमुख सुरेंद्र विवेक, प्रचार प्रमुख संजय सिंह, आईटी सेल अध्यक्ष अमित रानू, अल्पसंख्यक सेल अध्यक्ष सलीम साहिल, छात्र प्रदेश अध्यक्ष सीमांत मृणाल, चिकित्सा प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, अनुशासन समिति प्रमुख नरेश प्रसाद सिंह, प्रधान महासचिव प्रकाश कुशवाहा, कार्यक्रम प्रभारी हर्ष चोपड़ा सहित कई युवा पदाधिकारी उपस्थित रहे।