logo

देवघर के वार्ड 3 और 4 में लोग परेशान, बुनियादी सुविधाएं आज भी नहीं

devgher.jpg

द फॉलोअप डेस्क

राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है। लगभग सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र से चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने के लिए नॉमिनेशन कर चुके हैं। देवघर के वार्ड 3 और 4 के पूरे मोहल्ले में नाली की समस्या बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, कई मोहल्लों में तो सालों भर सड़क पर पानी बहता रहता है। क्योंकि मोहल्ले में नाली की सुविधा नहीं है। सूत्रों के अनुसार, वार्ड नंबर 3 के निवासी रमाकांत साह बताते हैं कि, इस वार्ड में ट्रैफिक की सबसे बड़ी समस्या है। मोहल्ले के बीचो-बीच दिन भर में सैकड़ों ट्रक गुजरते हैं, जिसकी वजह से हमेशा ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है।

 वहीं, स्थानीय निवासी जय शंकर बताते हैं कि पार्षद नहीं रहने के कारण कई बार लोगों को शिकायत करने के लिए अधिकारियों के पास जाना पड़ता है, लेकिन उसके बावजूद उन्हें उनकी समस्याओं का हल नहीं मिल पाता है। वहीं वार्ड नंबर 4 की बात करें तो यहां पर पानी की सबसे बड़ी समस्या है। आज भी घरेलू महिलाएं घर से दूर जाकर पानी लाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि पानी की पाइप लाइन पूरे मोहल्ले में पहुंच जाए, तो लोगों को काफी सुविधा होगी। वार्ड नंबर 4 के स्थानीय निवासी सुभाष दास ने बताया कि जो जनप्रतिनिधि उनके मोहल्ले में पानी की समस्या को प्राथमिकता देते हुए काम करेंगे। उसी प्रत्याशी को वह अपने क्षेत्र में वार्ड पार्षद के रूप में चुनने का काम करेंगे।

वार्ड 4 के पूर्व पार्षद राजेंद्र दास बताते हैं कि, निगम का चुनाव नहीं होने के कारण वह कई काम चाह कर भी नहीं करवा पा रहे थे। उन्होंने कहा कि निगम के चुनाव के बाद यदि जनता उन्हें पार्षद के रूप में काम करने का मौका देती है, तो उनकी तरफ से भी सबसे पहले पानी और सड़क की समस्या का निदान किया जायेगा। बताते चलें कि, वार्ड नंबर 4 में रोहिणी, अजान टोला, दीवान टोला, रूपसागर, शर्मोल, गोसाईडीह सहित कई मोहल्ले शामिल हैं। वहीं वार्ड के लोगों का कहना है कि इस चुनाव के बाद उन्हें उम्मीद है कि अब जो भी प्रत्याशी आएंगे वो निश्चित रूप से वार्ड नंबर 3 और 4 के लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

Tags - Deoghar municipal elections Ward 3 Deoghar Ward 4 Deoghar civic issues Deoghar drainage problem waterlogging on roads lack of basic amenities traffic problem Ward 3 heavy truck movement no ward councillor public grievances water scarcity Ward 4