धनबादः
अपराधियों का मनोबल दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। अपराधी बेखौफ होकर किसी को भी मौत के घाट उतार दे रहें हैं। एक बार फिर इसी तरह का मामला घनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां उपेंद्र सिंह नामक रिकवरी एजेंट को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। अपराधियों ने सरायढ़ेला थाना के पीके राय कॉलेज के पास घटना को अंजाम दिया। गोली मारने के बाद अपराधी वहां से भाग निकले। घायल को आनन-फानन में SNMMCH ले जाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखकर दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई।
घात लगाए अपराधियों ने किया फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार उपेंद्र सिंह अपने बेटे को छोड़ने के लिए सरायढेला स्थित पीके राय कॉलेज पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद उपेंद्र बुरी तरह घायल हो गए। जिसके बाद वहां मौजूद बेटे और उसके साथी उन्हें अस्पताल ले गए। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन, रास्ते में ही उन्होंनें दम तोड़ दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी अरविंद कुमार सिन्हा वहां पहुंचे। उन्होंनें यह बताया कि उपेंद्र सिंह अपने बेटे को छोड़ने के लिए सरायकेला स्थित पीके राय कॉलेज पहुंचे थे। कॉलेज छोड़कर घर लौटने के क्रम में बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या किसने की यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।