रांची
रांचीवासियों को जल्द ही तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची शहर के प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण परियोजनाओं की कार्य योजना और डिजाइन पर पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक में सबसे पहले हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक प्रस्तावित फ्लाईओवर पर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरमू फ्लाईओवर ट्रैफिक जाम कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हरमू बाईपास रोड पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस फ्लाईओवर के बनने से लोगों का समय बचेगा और यातायात सुगम होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि हरमू फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ा जाए ताकि आमजनमानस को और बेहतर सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

अरगोड़ा चौक–कटहल मोड़ फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक बनने वाले फ्लाईओवर पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस फ्लाईओवर निर्माण की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) जल्द तैयार की जाए और कार्य योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम शुरू किया जाए। सीएम ने अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का भी निर्देश दिया। उनके मुताबिक इससे कई प्रमुख सड़कें आपस में कनेक्ट होंगी और लोगों को यातायात में काफी सुविधा होगी।
करम टोली चौक–साइंस सिटी एलिवेटेड फ्लाईओवर
बैठक में करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले 4 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का भी प्रेजेंटेशन दिया गया। इसके साथ ही डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक सड़क निर्माण योजना पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए।

सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सभी प्रस्तावित फ्लाईओवरों की डिजाइन और निर्माण कार्य में आने वाले वर्षों की जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ये परियोजनाएं राज्य सरकार की प्राथमिकता में हैं और इन्हें पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन, कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के सुधीर कुमार समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
