रांची
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री (Manjunath Bhajantri) की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट (Birsa Munda Airport) विकास परियोजना से संबंधित समीक्षा बैठक (Review Meeting) की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई कार्य प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी (Gaurav Goswami), पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा (Paras Rana), अनुमंडल पदाधिकारी, सदर कुमार रजत (Kumar Rajat), अपर समाहर्ता, रांची रामनारायण सिंह (Ramnarayan Singh), अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय (Dhananjay), प्रशिक्षु आईएएस सु आस्था शरण (Astha Sharan), निदेशक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (Airports Authority of India), रांची, उपसमाहर्त्ता भूमि सुधार मुकेश कुमार (Mukesh Kumar), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी केके राजहंस (K. K. Rajhans), अंचल अधिकारी, नामकुम एवं अरगोड़ा तथा विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

चहारदीवारी निर्माण की समीक्षा
बैठक के दौरान रांची उपायुक्त द्वारा राज्य सरकार द्वारा बिरसा मुण्डा विमानपत्तन, रांची के लिए हस्तांतरित की गई भूमि पर चहारदीवारी निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही निर्माणाधीन चहारदीवारी के भीतर आने वाले घरों को अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में उपायुक्त द्वारा अद्यतन जानकारी ली गयी। भजन्त्री द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चहारदीवारी निर्माण, सड़क डायवर्सन तथा विद्युत लाइन स्थानांतरण से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा प्रारंभ करने पर चर्चा
उपायुक्त ने अधिग्रहित भूमि के नागर विमानन विभाग, रांची के पक्ष में नामांतरण की प्रक्रिया और रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा प्रारंभ करने की दिशा में अब तक हुई प्रगति एवं संबंधित प्रक्रियाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रक्रियाओं का निष्पादन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित करते हुए परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न होने दें।