द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग जिले का ऐतिहासिक रामनवमी जुलूस इस बार शांति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। जुलूस इस बार लगभग 40 घंटे तक लगातार सड़कों पर रहा। 87 झांकियों के गुजरने में जो 40 घंटे का समय लगा, वह खुद ही इस बात का प्रमाण है कि राम भक्तों का जन सैलाब कितना विशाल था। अनुमान के अनुसार, इस बार करीब 5 लाख से ज्यादा भक्त मौजूद थे, जिनमें महिलाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने लायक था। जहां एक ओर रामनवमी का आयोजन शांति से हुआ, वहीं जुलूस में पारंपरिक हथियारों के साथ प्रदर्शन करने वाले करीब 1300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हजारीबाग की उपायुक्त नैंसी सहाय इस बार के रामनवमी के इतिहास में पहली बार ऐसी उपायुक्त बनीं हैं जिन्होंने चार साल लगातार सफलतापूर्वक रामनवमी पर्व आयोजित करने का कीर्तिमान स्थापित किया है।
7 तारीख सोमवार को जुलूस रात के 8:00 बजे आसपास के विभिन्न अखाड़ों से निकली थी, जो 9 तारीख बुधवार सुबह के 4:00 बजे के आसपास समाप्त हुई है। समाप्त होने के बाद हजारीबाग उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने हजारीबाग वासियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही आभार भी जताया।जिला प्रशासन ने कहा कि रामनवमी में किसी भी तरह की अप्रिया घटना नहीं घटी है, इसके लिए आप सभी जनता और ड्यूटी में लगे हुए पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। वहीं, रामनवमी जुलूस में सेवा दे रहे पुलिस कर्मियों को तीन दिनों की छुट्टी हजारीबाग एसपी ने दी है।